Sunday, November 24, 2013

भीड़ में, है वह तन्हा

पीछे कदम बढ़ाता 
माज़ी के धुँधले निशानों पर
भूल आया था जिसे
उसे चारो ओर, ढूँढता

एक कदम आगे, तो
दो कदम पीछे
धक्का खाता, संभलता
चाह कर भी, मुड़ न पाता

उन साँसों कि आवाज़
आँखों से बात
कुछ गुनगुनाहट
फिर सुनना, सुनाना, चाहता

वक़्त बेवक़्त का गुस्सा
बेसबब तकरार
उसपर से ये बारबार
यादों में भी उसी से, झगड़ता

आते-जाते, चौक-चौराहे
कुछ देर का संग
एक लम्बी जुदाई
सुलगती यादें, भुलाता 

भीड़ में
है वह तन्हा !

Saturday, November 23, 2013

Voter

वह छिपता-छिपाता
बचता-बचाता
सड़क पर जाता
मिल न जाएं पार्टी वालें
मन ही मन शुक्र मनाता

न जाने
किस काल में काल बनकर
वादों का जंजाल ले कर
कितनों का काल ख़राब कर
धम से प्रकट हो जाए, उसका माथा फिराएं
वह सकपकाता, सहमा सा किनारे से निकल जाता

कुछ हैं उसके अपने
दूर के नज़दीकतम उसे बताते
अब तक दूर थे, पर आज जाना, ये भी करीब थे!
पार्टी में हैं, शायद इसलिए करीब हैं
वादों का एक लम्बा लिस्ट याद है,
सुनाना एक मात्र, वर्तमान में, जिनका काम है
वह सुन के आधे-अधूरे वादों को
सबको अपना समर्थन बताता, आगे बढ़ता जाता

कई बार है सुना
कितने वादों को
दम्भिकों के विवादों को
किराये के प्यादों को
अब कोई फर्क न पड़ता
आधा जीवन काट लिए उसने
उन्हें भी इशारों में समझाता, बाज़ार पहुँच जाता

एक किलो आलू, आधा किलो भाजी
एक पाव टमाटर , एक पाव प्याज़
माँगता, जेब टटोलता
कुछ सोचता.... तन खड़ा हो फिर चीज़े गिनाता
आधा झोला भर
सहमा सा घर लौटता
नज़र घुमाता, घबराता, आगे बढ़ता जाता !

Monday, November 11, 2013

एक बावला कम पड़ रहा है उसके लश्कर-ए-बहार में

एक उम्र कम पड़ रही है उसके इंतज़ार में
एक तक़रार कम पड़ रही है उसके इज़हार में 

दिल की हकीकत न जाने कैसे बयान की हर दफा
एक किताब कम पड़ रही है उसके फ़रियाद में

हर मोड़ पे हर जोड़ पे गुज़ारिश की हमने
एक सवाल कम पड़ रहा है उसके जवाब में

कभी खुशनुमा कभी ज़ख़्मी दिल लाया पनाह में
एक नज़राना कम पड़ रहा है उसके ऐतबार में

कुछ हालात फटकारते हैं मगर
एक बावला कम पड़ रहा है उसके लश्कर-ए-बहार में

Tuesday, October 29, 2013

आज फिर उनसे मुलाकात हो गयी

आज फिर उनसे मुलाकात हो गयी
दिल से दिल की चुपके से बात हो गयी !!

डर था, भीड़ बहुत है, निगाहें कमज़ोर हैं 
मगर उस खुशबू से उनकी पहचान हो गयी !!

किसी ने एक लफ्ज़ भी न कहा
मगर पलकों में सवाल-जवाब हो गयी !!

हिदायत मिली थी दूर रहने की
मगर नज़रें मिली, तो फिर से हिमायत हो गयी !!

कुछ दबी हुई हसरतें दम तोड़ती थीं
उनकी पलकें झुकीं, तो सारी बेनकाब हो गयी !!

नदी थक कर रवानी छोड़ चुकी थी
किस्मत थी, कि अगले ही मोड़ पर वो समंदर हो गयी !!